JMM workers' conference in Simdega, concerns expressed about SIR; request to stop recording also discussed

सिमडेगा में झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन, SIR को लेकर जताई चिंता; रिकॉर्डिंग रोकने के आग्रह पर भी हुई चर्चा

JMM workers' conference in Simdega, concerns expressed about SIR; request to stop recording also discussed
JMM workers’ conference in Simdega, concerns expressed about SIR; request to stop recording also discussed

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता प्रशिक्षण शिविर गुरुवार को सिमडेगा नगर भवन टाउन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि तथा सुदीप गुड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला समिति की ओर से दोनों नेताओं का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल कंडुलना ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस प्रक्रिया के माध्यम से गरीबों और वंचित वर्ग के लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों के विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से प्रभावित होने की आशंका भी है।

सम्मेलन के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब SIR प्रक्रिया की जानकारी दे रहे सदस्यों ने पत्रकारों और कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही वीडियो रिकॉर्डिंग पर आपत्ति जताई। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों से रिकॉर्डिंग नहीं करने तथा बाहर जाने का आग्रह किया गया। वहीं कार्यकर्ताओं को भी बार-बार वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं करने की हिदायत दी गई। इस घटनाक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल पर चर्चा का माहौल रहा और कुछ कार्यकर्ताओं ने भी इस पर सवाल उठाए।

मुख्य अतिथि बिनोद कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि SIR प्रक्रिया के जरिए सजग मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे को आंदोलन के रूप में लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होंगे और केंद्रीय नेतृत्व उनसे सीधे संवाद बनाए रखेगा।

विशिष्ट अतिथि सुदीप गुड़िया ने संगठनात्मक मजबूती और तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई गई कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।

सम्मेलन में झामुमो के राज्य स्तरीय नेताओं, जिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य फोकस आगामी चुनावी तैयारियों के साथ-साथ SIR प्रक्रिया को लेकर संगठन की रणनीति और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करना रहा।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now