JMM's BLA-2 training camp in Garhwa; call to make the SIR campaign a success.

गढ़वा में झामुमो का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर, एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान

Share
Link copied
JMM's BLA-2 training camp in Garhwa; call to make the SIR campaign a success.
JMM’s BLA-2 training camp in Garhwa; call to make the SIR campaign a success.

गढ़वा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति गढ़वा की ओर से मंगलवार को शहर स्थित शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 को मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत हूल दिवस के अवसर पर वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य नागरिक का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसका समय रहते सुधार कराया जाए।

पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी बीएलए पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर उन्हें जागरूक करें। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए तथा नाम या विवरण में त्रुटि होने पर उसका त्वरित समाधान कराया जाए।

उन्होंने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम की तरह झारखंड में भी एसआईआर अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से न कटें, इसी उद्देश्य से पूरे राज्य में जिला स्तरीय बीएलए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, दस्तावेजों की जांच और निर्वाचन प्रक्रिया के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बूथ स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित झामुमो के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, बीएलए-2, बूथ प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में गढ़वा जिले के प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन सुनिश्चित करने और एक भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे, इस संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।