मेराल थाना पहुंचे डीआईजी किशोर कौशल, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

गढ़वा: पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने मंगलवार को गढ़वा जिले के मेराल थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और पुलिसिंग व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने तथा वारंटों के निष्पादन और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का निष्पक्ष व समयबद्ध निष्पादन होना चाहिए।
डीआईजी किशोर कौशल ने थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनने और उसका निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी होनी चाहिए, ताकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।
उन्होंने नियमित गश्ती अभियान चलाने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम लोगों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, लंबित मामलों और पुलिसिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

















