रांची में 4 जुलाई को होगा आजसू महिला अधिवेशन, सुदेश महतो करेंगे उद्घाटन

रांची: आजसू पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन आगामी 4 जुलाई को रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में राज्य की सभी पंचायतों से महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।
हरमू स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिवेशन की रूपरेखा साझा की गई। इस दौरान पार्टी की केंद्रीय महासचिव एवं रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, केंद्रीय सचिव वीणा चौधरी, फूलकुमारी देवी, महिला जिलाध्यक्ष वीणा देवी और सबिता देवी मौजूद रहीं। निर्मला भगत ने बताया कि अधिवेशन का उद्देश्य महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करना और भविष्य की रणनीति तय करना है। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि पहले सत्र का उद्घाटन आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा घोषित की जाएगी। पहले सत्र में राज्य के सभी 24 जिलों से प्रखंड स्तर के प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।
दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जिसमें पंचायत स्तर तक की महिलाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ओपन सत्र में पहले सत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी। साथ ही नव-चयनित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा और पार्टी के भावी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

















