चतरा में 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और iPhone जब्त

चतरा: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से काले रंग की अपाची बाइक, iPhone, चांदी की चेन और नकदी भी जब्त की है। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव निवासी निराला कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई गिद्धौर थाना क्षेत्र में चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग स्थित सलीमपुर मोड़ के पास की गई। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इलाके में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चतरा की ओर से अपाची बाइक से आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पेक्सा गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके अलावा बाइक, iPhone, चांदी की चेन और नकदी भी जब्त की गई। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एसपी ने बताया कि आरोपी के iPhone में मौजूद WhatsApp अकाउंट की जांच के दौरान ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित चैट मिली है। पुलिस ने चैट का प्रिंट आउट भी साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध धंधे में शामिल लोग सुधर जाएं, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक एसपी के निर्देश पर अंचलाधिकारी गिद्धौर अनंत शयनम विश्वकर्मा और पुलिस निरीक्षक सदर वीरेंद्र हांसदा के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री सहित रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन समेत अन्य पुलिस अधिकारी और अभियान में शामिल जवान मौजूद थे।

सिमडेगा थाना प्रभारी समेत छह पुलिस अधिकारियों का पदस्थापन, तबादला और प्रतिनियुक्ति
सिमडेगा: जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से छह पुलिस अधिकारियों के पदस्थापन एवं प्रतिनियुक्ति…

रितिक यादव हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल बिना नंबर की कार जब्त
गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की देर रात हुए रितिक यादव उर्फ बड्डी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा…
















