365वीं जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारी तेज, मेला क्षेत्र के 500 मीटर दायरे में शराब बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

रांची : 365वें जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को रांची समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें रथयात्रा के भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में निर्णय लिया गया कि रथयात्रा और मेला अवधि के दौरान मेला क्षेत्र की 500 मीटर परिधि में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन द्वारा इसकी व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रथयात्रा मार्ग पर वॉच टावर स्थापित करने, खोया-पाया केंद्र संचालित करने तथा स्थानीय थानों को पूरे रूट का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रथयात्रा मार्ग पर दुकानों को निर्धारित सीमा के भीतर रखने, पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग करने तथा बाहरी वाहनों के मेला क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। रथ पथ से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मंदिर मार्ग एवं रथयात्रा रूट की सड़कों की मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को इसे शीघ्र पूरा करने को कहा गया। वहीं मेला क्षेत्र में प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, पर्याप्त संख्या में शौचालय निर्माण तथा मेला क्षेत्र का विस्तृत लेआउट प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। फायर ब्रिगेड की तैनाती के साथ आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। नगर निगम को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन गंभीर नजर आया। बैठक में पार्किंग शुल्क निर्धारित करने तथा निर्धारित शुल्क का सार्वजनिक प्रदर्शन अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया ताकि श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली न हो सके।
इसके अलावा रथयात्रा मेला से संबंधित निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा के लिए अलग बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने जगन्नाथपुर रथयात्रा को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा रांची की सांस्कृतिक पहचान है। इस 365वें महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर सकें।
गौरतलब है कि जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, जलापूर्ति, यातायात विभाग, जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
















