Rss office attack arrest

रांची: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला , ATS को सौंपी गई जांच, अंतरराष्ट्रीय लिंक की आशंका

Rss office attack arrest

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची:राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर 16 जून की रात हुए पेट्रोल बम हमले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अब मामले का अग्रतर अनुसंधान आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) करेगा।

SIT की त्वरित कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षकों के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तारी के क्रम में पुलिस ने कोडरमा और बोकारो पुलिस की मदद से सैफ अंसारी और अमन अंसारी उर्फ गोलू को गझंडी रेलवे स्टेशन के पास से तब दबोचा, जब वे राज्य से बाहर भागने की फिराक में थे। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी सायम सुजान को रांची से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस हिरासत से भागा, फिर मुठभेड़ में हुआ घायल

18 जून की सुबह करीब 11:30 बजे, कोतवाली थाना में हिरासत में रखा गया मुख्य आरोपी सैफ अंसारी शौचालय जाने के बहाने पहराकर्मी को चकमा देकर वेंटिलेशन और शीशा तोड़कर फरार हो गया।

फरार होने की सूचना मिलते ही शहर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। मांडर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान उसे धर दबोचा। भागने के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर पुनः फरार होने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई सीमित फायरिंग में सैफ अंसारी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अंतर्राष्ट्रीय लिंक की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल से जुड़े हो सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए रांची पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच के लिए ए.टी.एस. (ATS) से अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

क्या था पूरा मामला?

16 जून 2026 की देर रात निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर अज्ञात अपराधियों द्वारा पेट्रोल बम फेंका गया था। इस मामले में चुटिया थाना काण्ड संख्या-85/26 के तहत भा.न्या.सं. की विभिन्न धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और UAPA एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

बरामदगी:

घटना में प्रयुक्त रैपिडो कैब (सेंट्रो कार)।

04 स्मार्टफोन।

घटना के समय पहने गए कपड़े (लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित नाले के पास से बरामद)।

SIT की मुख्य भूमिका

इस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के.वी. रमण, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह और तकनीकी शाखा की टीम के स.अ.नि. बलेन्द्र कुमार एवं साह फैसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Also Read :

RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी हिरासत से फरार, पुलिस मुठभेड़ में घायल

रांची: निवारणपुर में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार; मास्टरमाइंड की तलाश तेज

रांची: आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला मामले में 2 के गिरफ्तारी की खबर, कार से पहुंचे थे हमलावर

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now