सड़क सुरक्षा को लेकर डीसी ने कसी अधिकारियों की जिम्मेदारी, सात स्थानों पर लगेंगे स्पीड गन कैमरे

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को समाहरणालय सभागार में यातायात एवं सड़क सुरक्षा तथा हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग और शहरी क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था, दुर्घटनाओं के कारण और सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि अगस्त में जिले में 34 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 22 लोगों की मौत हुई और 26 लोग घायल हुए। दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया। उपायुक्त ने इन मामलों में नियमित जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी के लिए सात चिन्हित स्थानों पर स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने बताया कि अगले दो माह में कैमरे स्थापित कर गति सीमा के उल्लंघन की निगरानी शुरू कर दी जाएगी। उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात प्रबंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया।

बैठक में मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खड़े खराब बसों और अन्य वाहनों को हटाने का निर्देश ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि को दिया गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर ऑटो के लिए पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित करने तथा ऑटो समेत अन्य वाहनों के परमिट और जरूरी दस्तावेजों की जांच करने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में अब तक 121 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि 5 लाख 96 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों की नियमित निगरानी, आवश्यक साइनेज में सुधार और सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान तेज करने पर भी जोर दिया।

बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, आरसीडी, जुस्को समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

गणेश पूजा जुलूस में वर्चस्व दिखाने हथियार लेकर पहुंचे दो युवक गिरफ्तार
बोकारो: गणेश पूजा जुलूस के दौरान वर्चस्व दिखाने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को बीएस सिटी पुलिस ने…

मगध-अम्रपाली कोल परियोजनाओं में CISF की औपचारिक तैनाती शुरू, चरणबद्ध तरीके से 1,676 जवान होंगे तैनात
चतरा: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मगध और अम्रपाली कोयला क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा…
















