संसदीय समिति की अहम बैठक आज, NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा और NTA सुधारों पर होगी विस्तृत समीक्षा

नई दिल्ली: शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर बुधवार को संसद की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा से मिले अनुभवों की समीक्षा करेगी। साथ ही, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में किए जा रहे सुधारों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक में NTA सुधार समिति के अध्यक्ष और ISRO के पूर्व प्रमुख डॉ. के. राधाकृष्णन एजेंसी को अधिक सक्षम, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए तैयार किए गए रोडमैप को समिति के सामने प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा सचिव और NTA के महानिदेशक भी बैठक में मौजूद रहेंगे तथा अब तक लागू किए गए सुधारों, उनकी प्रगति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी देंगे।
बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय शिक्षा क्षेत्र में स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की संभावनाएं भी होंगी। समिति इस बात पर विचार करेगी कि भारतीय तकनीकों के जरिए परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था को किस तरह अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाया जा सकता है। संसदीय समिति की बैठक दो चरणों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10:30 बजे और दूसरा सत्र दोपहर 12:00 बजे शुरू होगा।
गौरतलब है कि NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद यह पहला अवसर है जब NTA संसदीय समिति के समक्ष विस्तृत जवाबदेही पेश करेगा। इससे पहले भी समिति ने परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसी से कई तीखे सवाल पूछे थे। ऐसे में आज की बैठक को NTA में व्यापक सुधारों की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
















