जमशेदपुर में चोरों का तांडव: मानगो-डिमना रोड बाजार की 10-12 दुकानों के ताले तोड़े, नकदी और सामान पर किया हाथ साफ

जमशेदपुर: जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो-डिमना रोड स्थित बाजार में चोरों ने एक ही रात में 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाकर नकदी और कीमती सामान की चोरी कर ली। रविवार सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, चोरों ने श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल की हार्डवेयर दुकान, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों के ताले तोड़ दिए। कुछ अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बदमाश गल्ले में रखी नकदी, जरूरी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। चोरी से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि देर रात सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोर बाजार में पहुंचे और एक-एक कर दुकानों के ताले व शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
















