राँची में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खींचा रथ

राँची : राजधानी राँची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महाप्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। रथयात्रा में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े और पूरे आयोजन में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए भव्य तोरणद्वार निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य मंदिर की गरिमा बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।

रथयात्रा समारोह में राँची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रथयात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में महाप्रभु के दर्शन किए।

















