हंटरगंज में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर सड़क जाम

चतरा : चतरा जिले के वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घंघरी गांव के समीप मंगलवार अहले सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान घंघरी निवासी मुकेश यादव (पिता- महाबीर यादव) के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-डोभी मुख्य पथ को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सूचना मिलने पर वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
















