बंद मकान का दरवाजा तोड़कर लाखों के जेवरात की चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल

निर्मल कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला : गुमला थाना क्षेत्र के करौंदी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 6 लाख रुपये से अधिक के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्ती और कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक विक्रम साहू मूल रूप से केदली पाकरटोली के निवासी हैं। उनकी पत्नी रानी कुमारी बसिया अस्पताल में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं, जिसके कारण दंपति फिलहाल बसिया में रह रहे हैं। करौंदी स्थित मकान के दो कमरों में उनका सामान रखा हुआ था, जबकि दो कमरे किराए पर दिए गए थे। किरायेदार विद्युत विभाग में कनीय अभियंता हैं और वे भी दो दिन पहले अपने घर गए हुए थे।
विक्रम साहू ने बताया कि रविवार को वे अपनी पत्नी को प्रतियोगिता परीक्षा दिलाने लोहरदगा गए थे। सोमवार को जब दोनों करौंदी स्थित घर पहुंचे तो बाहर का गेट बंद था, लेकिन अंदर प्रवेश करने पर चोरी की घटना का पता चला। मकान के अंदर का गेट, चारों कमरों के दरवाजे और अलमारियां टूटी हुई थीं। घर का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात गायब थे।

घटना की सूचना परिजनों के साथ पुलिस को भी दी गई। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंची और लिखित शिकायत देने की बात कही। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे और मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। लोगों ने चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।नफिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पीड़ित परिवार ने थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

















