सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.31 लाख की ठगी करने वाला ट्रैवल एजेंट संबलपुर से गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: तीर्थ यात्रा के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले कथित ट्रैवल एजेंट धीरज अग्रवाल को सिमडेगा पुलिस ने ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब चार माह से पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी को सिमडेगा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मामला तब सामने आया जब ऋषिकेश और सोमनाथ दर्शन के लिए गए तीर्थयात्रियों ने लौटने के बाद पुलिस को बताया कि उनके साथ फर्जी फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। पीड़ितों में मारवाड़ी युवा मंच से जुड़े सौरभ अग्रवाल के 14 सदस्यीय दल और गौशाला समिति के विमल जैन के नेतृत्व वाला 32 सदस्यीय दल शामिल है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 7.31 लाख रुपये की ठगी हुई है। विमल जैन के दल से करीब 4.70 लाख रुपये की ठगी की गई, जबकि अन्य दल से भी बड़ी रकम वसूली गई थी।
पीड़ितों ने बताया कि आरोपी धीरज अग्रवाल ने कम कीमत में फ्लाइट टिकट, होटल, वाहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। विश्वास में आकर यात्रियों ने यूपीआई और बैंक खातों के माध्यम से कई किस्तों में पैसे जमा किए। आरोपी ने यात्रियों को टिकट भी भेजे, लेकिन यात्रा शुरू होने से पहले सभी टिकट रद्द कर दिए।
एयरपोर्ट पहुंचने पर यात्रियों को पता चला कि उनके टिकट पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं। मजबूरन उन्हें अतिरिक्त खर्च कर दूसरी फ्लाइट से अपनी यात्रा पूरी करनी पड़ी। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक प्रताड़ना का भी सामना करना पड़ा।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी द्वारा भेजे गए सभी टिकट फर्जी थे। प्राथमिकी के अनुसार, खेतराजपुर, संबलपुर (ओडिशा) निवासी धीरज अग्रवाल खुद को ‘विमान टूर्स’ का संचालक बताता था। उसने यात्रियों को अपने और अपनी मां के साथ यात्रा कराने की बात कहकर भी अतिरिक्त रकम मंगाई थी।
डीएसपी रणवीर सिंह और एसडीपीओ श्री पासवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों से विस्तृत जानकारी ली थी और सदर थाना पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार आरोपी को संबलपुर से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल सिमडेगा पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।
















