जमशेदपुर: डिमना डैम में डूबे MGM के दो जूनियर डॉक्टर, छह घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद
जमशेदपुर: डिमना डैम में डूबे MGM के दो जूनियर डॉक्टर, छह घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद

नीरज तिवारी
जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना डैम के पास स्थित तालाब (पोखर) में बड़ा हादसा हो गया है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों—समीर और सक्षम—की पानी में डूबने से मौत हो गई। लगभग छह घंटे चले कड़े रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों डॉक्टरों के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए। टाटा स्टील के सिक्योरिटी विभाग में कार्यरत और सिविल डिफेंस से जुड़े मजदूरुल बारी के अथक प्रयासों से यह रेस्क्यू पूरा हुआ।
मोबाइल बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टर समीर, सक्षम और उनके साथी यश गुरुवार देर रात करीब दो बजे कार से डिमना डैम पहुंचे थे। इसी दौरान उनमें से एक का मोबाइल फोन पास के ही पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में पहले एक डॉक्टर पानी में उतरा, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह डूबने लगा।
जमशेदपुर: डिमना लेक में बड़ा हादसा, एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टर गहरे पानी में डूबे; तलाश जारी
साथी को डूबता देख दूसरा डॉक्टर भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन गहरे पानी में फंसने के कारण दोनों डूब गए। मौके पर मौजूद तीसरे साथी यश ने तुरंत इसकी सूचना अन्य लोगों और पुलिस को दी।
अस्पताल और परिजनों में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया था। लंबी मशक्कत और खोजबीन के बाद शवों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक डॉक्टरों के परिजनों और एमजीएम अस्पताल के सहकर्मियों व चिकित्सा जगत में गहरा शोक छा गया है। फिलहाल बोड़ाम थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
















