जमशेदपुर: डिमना लेक में बड़ा हादसा, एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टर गहरे पानी में डूबे; तलाश जारी

नीरज तिवारी
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर लेक के गहरे पानी में डूब गए। इस घटना के बाद से चिकित्सा जगत और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों डॉक्टरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
रांची सहित पूरे झारखंड में आज मौसम का हाल: बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार
मोबाइल निकालने के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर— समीर, यश और सक्षम— शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए डिमना लेक पहुंचे थे। इस दौरान वे लेक के उस प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए जहां लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। घूमते वक्त उनमें से एक डॉक्टर का मोबाइल फोन अचानक लेक में गिर गया। गिरे हुए मोबाइल को निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी की तरफ चले गए।

एक डॉक्टर सुरक्षित बचा, दो लापता
हादसे के दौरान यश किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने और सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन समीर और सक्षम गहरे पानी के तेज बहाव और दलदल में फंसकर डूब गए।
लापता डॉक्टरों में सक्षम मूल रूप से डाल्टेनगंज (मेदिनीनगर) के रहने वाले हैं।
समीर जमशेदपुर के काशीडीह के निवासी हैं।
सुरक्षित बचे यश सोनारी के रहने वाले हैं। ये सभी एमजीएम मेडिकल कॉलेज में रहकर अपनी मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर रहे थे।
ब्राउन शुगर गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; 7.47 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना पाकर बोड़ाम थाना पुलिस फौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की टीम को पानी में उतारकर युद्धस्तर पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि पानी की गहराई और अंधेरे की वजह से बचाव कार्य में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा दोनों को ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अचानक हुई दुर्घटना से एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों, चिकित्सा छात्रों और कर्मियों में शोक और चिंता की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और छात्र डिमना लेक के तट पर एकत्र हो गए हैं।
















