ब्राउन शुगर गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; 7.47 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 7.47 ग्राम ब्राउन शुगर, छह मोबाइल फोन और 7,470 रुपये नकद बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित मदरसा के पीछे एक अधनिर्मित भवन में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लगभग 40 पुड़िया ब्राउन शुगर मंगाई थी, जिनमें से कुछ पहले ही बेच दी गई थीं और शेष पुड़िया उनके कब्जे से बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अरबाज अंसारी (25), अली खान (24), मोहम्मद अरबाज (29), मोहम्मद फैजान रजा उर्फ सानू (23), मोहम्मद सोयब खान (28) और सेराजुद्दीन अंसारी (28) शामिल हैं। सभी आरोपी रांची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही, ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने वाले मुख्य सप्लायर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















