हॉकी झारखंड के महासचिव बनने के बाद पहली बार सिमडेगा पहुंचे मनोज कोनबेगी, खिलाड़ियों ने किया भव्य स्वागत

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : हॉकी झारखंड की 2026-2030 कार्यकारी समिति के चुनाव में निर्विरोध महासचिव चुने गए वरिष्ठ हॉकी प्रशासक मनोज कोनबेगी का बुधवार देर शाम अपने गृह जिला सिमडेगा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। झमाझम बारिश के बावजूद हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे।
करीब तीन दशक से हॉकी के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे मनोज कोनबेगी ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि यह सम्मान पूरे सिमडेगा जिले और राज्य के हॉकी परिवार का है। उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी 24 जिलों के पदाधिकारियों ने उन पर भरोसा जताते हुए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है और उनका प्रयास राज्य में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगा।
मनोज कोनबेगी ने अपने संबोधन में लठ्ठाखम्हन खेल समिति के संस्थापक सदस्य स्व. जोसेफ बा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्ष 1995 में समिति से जुड़ने के बाद ही उन्हें खेल प्रशासन का अनुभव मिला, जिसने उन्हें प्रखंड, जिला और अब राज्य स्तर तक पहुंचाया।
हॉकी सिमडेगा के कार्यकारी बोर्ड सदस्य एवं तकनीकी समिति के चेयरमैन पंखरासियुस टोप्पो ने कहा कि मनोज कोनबेगी हमेशा खिलाड़ियों के अभिभावक की तरह कार्य करते रहे हैं और उनका महासचिव बनना पूरे झारखंड की हॉकी के लिए सकारात्मक संकेत है।
कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी ने कहा कि पहली बार सिमडेगा जिले के किसी व्यक्ति को हॉकी झारखंड का महासचिव बनाया गया है। उन्होंने इसे हॉकी झारखंड के सभी जिलों की दूरदर्शी सोच बताते हुए कहा कि इससे राज्य में हॉकी के विकास को नई गति मिलेगी।
संयुक्त सचिव करिश्मा परवार ने बताया कि मनोज कोनबेगी ने न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया, बल्कि कई पूर्व खिलाड़ियों को खेल प्रशासन और तकनीकी भूमिकाओं से जोड़ने का कार्य भी किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रेरणा से उनके गांव में हॉकी खिलाड़ियों के लिए चार एकड़ जमीन मैदान निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई।

पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुनुल भेंगरा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच तारिणी कुमारी तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी सुशीला कुजूर ने भी मनोज कोनबेगी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक खिलाड़ियों की हर संभव मदद की। खिलाड़ियों ने कहा कि पासपोर्ट, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रशिक्षण जैसी व्यवस्थाओं में मनोज कोनबेगी की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच तारिणी कुमारी को हॉकी झारखंड एथलीट समिति का चेयरपर्सन बनाए जाने पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी, कोच और प्रशिक्षक के रूप में उनके अनुभव का लाभ राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा।
स्वागत समारोह में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, एलशन कीड़ो, रोहित बेसरा, फ्लेबियुस तिर्की समेत बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका हॉकी खिलाड़ी उपस्थित थे।

















