झारखंड की बेटियों ने एशिया में लहराया परचम, पुष्पा मांझी की हैट्रिक से भारत एशियन हॉकी 5s के फाइनल में

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: झारखंड की बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। मस्कट में आयोजित विमेंस एशियन हॉकी 5s चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कजाकिस्तान को 8-1 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस शानदार जीत में झारखंड के सिमडेगा जिले की खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ी पुष्पा मांझी ने सेमीफाइनल मुकाबले में हैट्रिक जमाते हुए 6वें, 8वें और 8वें मिनट में तीन गोल दागे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, संदीपा कुमारी ने 5वें मिनट में भारत का खाता खोला, जबकि श्रुति कुमारी ने 16वें मिनट में गोल कर जीत को और मजबूत बनाया।
सेमीफाइनल में भारतीय टीम के लिए कप्तान दिया ने दो गोल (13वें और 16वें मिनट) किए, जबकि नौशीन नाज ने 20वें मिनट में एक गोल दागा। कोच रानी और मैनेजर प्रबल पांडेय के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और कजाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

खास बात यह है कि भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक सात मुकाबले खेले हैं और इनमें से चार मैचों में सिमडेगा की खिलाड़ियों को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ का सम्मान मिला है। संदीपा कुमारी को तीन मुकाबलों में यह पुरस्कार मिला, जबकि सेमीफाइनल में पुष्पा मांझी को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
झारखंड की बेटियों का यह प्रदर्शन राज्य के लिए गर्व का विषय बन गया है। संदीपा के शुरुआती गोल, पुष्पा की हैट्रिक और श्रुति के शानदार प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि सिमडेगा भारतीय महिला हॉकी की नई ताकत बनकर उभर रहा है।
अब टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का मुकाबला चीन से होगा। हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड और खेल विभाग, झारखंड सरकार ने भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जीत की बधाई देते हुए फाइनल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
















