रांची सहित पूरे झारखंड में आज मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

रांची : झारखंड में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार (आज) को राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक आज हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और कोडरमा में तेज बारिश हो सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की प्रबल संभावना बनी हुई है। कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात का भी खतरा है।

राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों की वजह से उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।
पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान थोड़ा ऊंचा (33-35 डिग्री तक) रह सकता है, जबकि रांची, हजारीबाग, गुमला और खूंटी जैसे इलाकों में अपेक्षाकृत ठंडा मौसम रहेगा। लगातार बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। रांची का AQI 35-50, जमशेदपुर 40-60 और धनबाद 55-70 के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में सावधानी बरतें। अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, इसलिए मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें।
















