पटना छात्र आंदोलन: तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, समर्थकों ने बताया राजनीतिक कार्रवाई

पटना : बिहार की राजधानी पटना में छात्रों के आंदोलन के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व मंत्री एवं जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें देर रात अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव छात्रों के चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और इस मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

वहीं, तेज प्रताप यादव और उनके समर्थकों का कहना है कि वे केवल छात्रों की मांगों के समर्थन में पहुंचे थे और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है और इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
इस बीच, छात्र आंदोलन को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। विपक्षी दल सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

















