गुमला: 12 दिनों से लापता युवक का कुएं से मिला सड़ा-गला शव, हत्या या हादसा? पुलिस जांच में जुटी

गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के जनावल पंचायत स्थित महुवाटोली गांव में 12 दिनों से लापता 19 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महुवाटोली निवासी गजनू मुंडा के पुत्र सुबोध मुंडा के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध मुंडा पिछले 12 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को गांव के सुरेश कुमार सिंह के घर के समीप स्थित एक कुएं से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना थी, आत्महत्या या फिर किसी साजिश का परिणाम।
















