7-8 अगस्त को जमशेदपुर में आजसू युवा प्रकोष्ठ का राज्य स्तरीय युवा अधिवेशन, तैयारियां अंतिम चरण में

रांची: आजसू पार्टी के युवा प्रकोष्ठ की ओर से 7 एवं 8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा अधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अधिवेशन को ऐतिहासिक और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी के अनुसार राज्य के सभी जिलों से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अधिवेशन के पहले दिन कार्यक्रम का शुभारंभ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि और राष्ट्रीय गान के साथ होगा। इसके बाद झारखंड आंदोलन की विरासत, युवाओं की भूमिका, वर्तमान चुनौतियों तथा राज्य के भविष्य की दिशा जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।


दूसरे दिन की शुरुआत अमर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद आयोजित खुले सत्र में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और युवा प्रतिनिधि राज्य एवं राष्ट्र से जुड़े समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। समापन सत्र में युवा संकल्प के साथ विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।


आजसू पार्टी ने राज्य के सभी जिला और प्रखंड पदाधिकारियों तथा युवा कार्यकर्ताओं से समय पर जमशेदपुर पहुंचकर अधिवेशन को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह अधिवेशन झारखंड के युवाओं के विचार, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।



















