Heavy rain alert in Jharkhand; schools in Garhwa to remain closed on September 2–3.

झारखंड में भारी बारिश से बिगड़े हालात: गढ़वा में 2-3 सितंबर को स्कूल बंद, सोन नदी उफान पर; स्वर्णरेखा में बढ़ा जलस्तर

गढ़वा/रांची। झारखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए गढ़वा जिला प्रशासन ने 2 और 3 सितंबर को जिले के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया है। वहीं सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस ने नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को सतर्क किया है। दूसरी ओर, रांची के सोनाहातू क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी भी उफान पर है और सतीघाट का गंगा मंदिर पानी से घिर गया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गढ़वा में दो दिन बंद रहेंगे सभी स्कूल

लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए गढ़वा जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 2 एवं 3 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया है।

प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी और जोखिम हो सकता है। इसी को देखते हुए स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

RKDF
advertisement

सोन नदी का बढ़ा जलस्तर, पुलिस ने संभाला मोर्चा

गढ़वा में लगातार बारिश के बीच सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए गढ़वा पुलिस ने नदी से सटे संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

हरिहरपुर ओपी, केतार थाना और खरौंधी थाना की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में सोन नदी के किनारे और नदी के नजदीक बसे इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर के बारे में जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की। लोगों को नदी के किनारे नहीं जाने और तेज बहाव में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई है।

बच्चों को लेकर विशेष सावधानी

पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और उन्हें नदी तथा उसके आसपास जाने से रोकने की अपील की है। बारिश जारी रहने की स्थिति में नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

स्वर्णरेखा नदी भी उफान पर, सतीघाट का गंगा मंदिर पानी से घिरा

इधर, रांची जिले के सोनाहातू क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बारेंदा पंचायत के पांडुडीह स्थित महातीर्थ सतीघाट का गंगा मंदिर नदी के बढ़ते पानी से घिर गया है।

मंगलवार देर शाम तक मंदिर का काफी हिस्सा पानी में डूब चुका था और मंदिर का केवल कुछ हिस्सा ही दिखाई दे रहा था। नदी की तेज धार और बढ़ते जलस्तर ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

हालांकि, पानी से घिरे मंदिर का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग सतीघाट पहुंचकर उफनती स्वर्णरेखा और जलमग्न मंदिर का वीडियो और तस्वीरें मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही और नदी का जलस्तर और बढ़ा तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

बारिश बढ़ा रही चिंता, नदियों पर नजर

गढ़वा में सोन नदी और सोनाहातू में स्वर्णरेखा के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर झारखंड में लगातार बारिश के बीच नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती नदी किनारे बसे इलाकों में लोगों की सुरक्षा और लगातार बारिश के बीच आवागमन को सुरक्षित बनाए रखना है।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now