रांची में टाइगर मोबाइल की गश्ती होगी और प्रभावी, एसएसपी ने दिए कई अहम निर्देश

रांची: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली में बदलाव और गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाया है। इसी को लेकर गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची की अध्यक्षता में नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी तथा टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप के आसपास होगी सघन गश्ती
एसएसपी ने टाइगर मोबाइल के जवानों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित और सघन गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खासतौर पर बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास गश्ती बढ़ाने को कहा गया है।
पूर्व अपराधियों और संदिग्धों का होगा सत्यापन
बैठक में आर्म्स एक्ट, चोरी, NDPS, अवैध शराब, चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और ड्रग पेडलिंग जैसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों एवं पूर्व अपराधियों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। पुलिस को ऐसे लोगों से संबंधित सूचना और आसूचना जुटाकर आवश्यकतानुसार विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।
QR कोड स्कैन कर दर्ज होगी पेट्रोलिंग की मौजूदगी
रांची जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों पर QR Code आधारित पेट्रोलिंग व्यवस्था लागू की गई है। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, ज्वेलरी शॉप समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर लगाए गए QR Code को टाइगर मोबाइल के जवान मौके पर पहुंचकर स्कैन करेंगे। इससे संबंधित स्थानों पर पेट्रोलिंग की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी और गश्ती व्यवस्था की निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।

टाइगर मोबाइल के जवानों की होगी फायरिंग प्रैक्टिस
बैठक में टाइगर मोबाइल में कार्यरत सभी पदाधिकारियों और सिपाहियों की छोटे हथियारों के साथ फायरिंग प्रैक्टिस अविलंब कराने का भी निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य जवानों की कार्यकुशलता और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करना है।
थाना प्रभारी करेंगे नियमित पर्यवेक्षण
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने थाना क्षेत्रों में तैनात टाइगर मोबाइल के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया। क्षेत्र की जरूरत के अनुसार जवानों के बीच कार्य-विभाजन, क्षेत्र-विभाजन और ड्यूटी के समय का उचित निर्धारण भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

तीन साल से अधिक समय से तैनात कर्मियों का होगा स्थानांतरण
बैठक में टाइगर मोबाइल में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों का स्थानांतरण करने का निर्देश दिया गया। इनके स्थान पर नए पदाधिकारी एवं कर्मियों की पदस्थापना की जाएगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इससे टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली में निरंतर प्रभावशीलता और नवीनता बनी रहेगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
















