भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, जयराम महतो से बातचीत के बाद उतरा नीचे
धनबाद ; हाई वोल्टेज ड्रामा घण्टो ..वजह भ्रष्ट व्यवस्था ..अब तक आपने प्यार पाने, अपनी बात मनवाने या किसी मांग के समर्थन में लोगों को मोबाइल टावर पर चढ़ते देखा और सुना होगा, लेकिन धनबाद के टुंडी में भ्रष्ट व्यवस्था और सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एक युवक का मोबाइल टावर पर चढ़ जाना अपने आप में अनोखा मामला है। युवक को नीचे उतारने के लिए टुंडी थाना की पुलिस और सैकड़ों स्थानीय लोगों ने घंटों समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। आखिरकार विधायक जयराम महतो से बातचीत कराने और उनके समझाने के बाद युवक मोबाइल टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना टुंडी थाना क्षेत्र की लछुरायडीह पंचायत के काजी टोला, बादलपुर गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी जाहिद अंसारी गुरुवार सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कुछ ही देर में इसकी खबर आसपास के इलाकों में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। युवक को टावर पर चढ़ा देख पुलिस और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जाहिद अंसारी को नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाया। हालांकि, वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि उसकी समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब उसकी सीधे मुख्यमंत्री या जयराम महतो से बातचीत कराई जाए। पुलिस और स्थानीय लोगों के लगातार प्रयास के बावजूद वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
स्थिति को देखते हुए आखिरकार जयराम महतो से युवक की बातचीत कराई गई। बातचीत के बाद जाहिद अंसारी ने स्वयं टावर से नीचे उतरने का फैसला किया। उसके नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
टावर से उतरने के बाद जाहिद ने मीडिया के सामने अपनी परेशानी और बेबसी साझा की। हालांकि, उसने किन समस्याओं के कारण यह कदम उठाया और उसकी शिकायतें किस विभाग या व्यवस्था से जुड़ी हैं, यह उसके विस्तृत बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

















