रांची में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रमुख पंडालों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

रांची: दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को रांची एसडीएम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सिटी एसपी, एएसपी, कोतवाली डीएसपी समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने जिला स्कूल, बकरी बाजार सहित शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा पंडालों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण मिल सके, इसके लिए प्रशासन और पुलिस पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ महावीर मंडल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख पूजा स्थलों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी है।
















