जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला सुलझा, गणेश पाहन गिरफ्तार

रांची: रातू थाना क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा के रूप में हुई है। उसके पास से घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, रातू थाना कांड संख्या 262/26, दिनांक 31 जुलाई 2026 में अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधकर्मी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी ने इस घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। वह नक्सली घटना और रेल डकैती के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा, पिता स्व. अचल पाहन उर्फ अचल मुंडा। स्थायी पता सारदीकेल, भंडरा, खूंटी एवं रूमचू, थाना अड़की, जिला खूंटी बताया गया है। वर्तमान में वह सरनाटोली, कोकर, सदर थाना क्षेत्र, रांची में रह रहा था। गणेश पाहन के खिलाफ चक्रधरपुर रेल थाना, मुरहू थाना और टेबो थाना में डकैती, आर्म्स एक्ट, नक्सली गतिविधि से संबंधित धाराओं सहित गंभीर मामले दर्ज हैं।















