Sudivya Sonu merged with the five elements at the Harsinhraydih Ghat of the Usri River.

उसरी नदी के हरसिंहरायडीह घाट पर पंचतत्व में विलीन हुए सुदिव्य सोनू, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

Share
Link copied

गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उसरी नदी स्थित हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते और श्मशान घाट पर गमगीन माहौल बना रहा।

अंतिम संस्कार से पहले सुदिव्य सोनू के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर भी लोगों की भारी भीड़ जुटी। बारिश के बावजूद समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों का पहुंचना जारी रहा।

हेमंत सोरेन और राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ सुदिव्य सोनू के आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स भी बंधाया।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी सुदिव्य सोनू के आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और परिवार के प्रति संवेदना जताई।

अंतिम यात्रा में कई मंत्री और विधायक रहे मौजूद

अंतिम यात्रा में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। झामुमो के नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में पहुंचे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर सुदिव्य सोनू की अर्थी को कंधा भी दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में आम लोग भी उनके साथ अंतिम यात्रा में शामिल रहे।

बेटे श्रेयश ने दी मुखाग्नि

हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई। सुदिव्य सोनू के बेटे श्रेयश ने मुखाग्नि दी। इसके साथ ही झारखंड के इस युवा नेता का अंतिम सफर पूरा हुआ और वे पंचतत्व में विलीन हो गए।

सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की स्थिति है। अंतिम विदाई के दौरान समर्थकों और शुभचिंतकों की आंखें नम थीं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।