राजकीय सम्मान के साथ पालामाड़ा नदी तट पर हुई पूर्व मंत्री विमला प्रधान की अंत्येष्टि

सिमडेगा: झारखंड की पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री विमला प्रधान का रविवार को सिमडेगा के बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें अंतिम सलामी दी गई। राजकीय सम्मान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामाजिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी अंत्येष्टि संपन्न हुई। उनके बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने मुखाग्नि दी।

विमला प्रधान का शुक्रवार देर रात रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से सिमडेगा समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी की थीं।

रविवार को विमला प्रधान का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार स्थल पालामाड़ा नदी तट पहुंचा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया। पुलिस कमांडर के नेतृत्व में 21 जवानों ने पांच राउंड हवाई फायरिंग कर पूर्व मंत्री को अंतिम सलामी दी। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नम आंखों से अपनी प्रिय जननेता को अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार के दौरान उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे समेत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी व जवान मौजूद रहे। जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता-कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी अंतिम विदाई में शामिल हुए। इससे पहले विमला प्रधान का पार्थिव शरीर सिमडेगा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम दर्शन के लिए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, न्यायिक पदाधिकारी मरियम हेंब्रोम, एसडीओ सुमंत तिर्की, डीएसपी रणवीर सिंह, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, सदर सीओ इम्तियाज अहमद, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक रिंकू समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता-कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, क्षत्रिय महासभा गुमला, अखिल भारतीय भोक्ता महासभा, गोंड महासभा समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी।

विमला प्रधान की अंतिम क्रिया परिवार और समाज के लोगों ने गोंड समाज के विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराई। समाज के लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अंतिम विदाई के दौरान पालामाड़ा नदी तट पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। परिजनों, समर्थकों और आम नागरिकों ने गमगीन माहौल में नम आंखों से पूर्व मंत्री विमला प्रधान को अंतिम विदाई दी।

आशियाना अनंतारा में दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि-पूजन और खूंटी पूजन
जमशेदपुर। मानगो एनएच-33 स्थित आशियाना अनंतारा सोसाइटी में रविवार को शारदीय नवरात्र और मां दुर्गा की आराधना की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ…

भारत में मंडरा रहा ‘विनाशकारी’ मौसम का खतरा! वैज्ञानिकों ने दी चेतावनी, अगले कुछ महीनों में बढ़ सकती है गर्मी और सूखे की मार
नई दिल्ली। भारत में आने वाले महीनों के मौसम को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर चेतावनी दी है। 180 से अधिक पर्यावरण और…
















