रांची: विवेकानंद विद्या मंदिर पर लगे गंभीर आरोप, छात्रा ने CM से लगाई गुहार- ‘कैश या कर्मचारी के पर्सनल अकाउंट में मांगी जा रही फीस
रांची : धुर्वा (रांची) स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर (सेक्टर-2) एक बार फिर विवादों में घिर गया है। स्कूल की एक छात्रा ने वीडियो जारी कर राज्य के मुख्यमंत्री से पारदर्शी फीस संग्रह प्रणाली सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। छात्रा का आरोप है कि स्कूल प्रशासन आधिकारिक ऑनलाइन माध्यम से फीस स्वीकार करने के बजाय नकद (Cash) या किसी कर्मचारी के व्यक्तिगत खाते (Personal Account) में पैसे जमा करने का दबाव बना रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!DC के हस्तक्षेप के बाद मिला था एडमिशन
छात्रा के अनुसार, इससे पहले भी बकाया फीस को स्कूल के आधिकारिक खाते में जमा करने से इंकार कर दिया गया था, जिसके चलते उसका एडमिशन रोक दिया गया था। इसके बाद रांची के उपायुक्त (DC) के हस्तक्षेप पर 22 अगस्त को छात्रा का एडमिशन तो हो गया, लेकिन फीस जमा करने की प्रक्रिया को लेकर विवाद फिर खड़ा हो गया है।

PTM के दौरान कार्ड लेने से इंकार
छात्रा का आरोप है कि पेरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान जब उसके अभिभावक ने फीस कार्ड से भुगतान करने का प्रयास किया, तो स्कूल के कोऑर्डिनेटर एस. पी. सिंह ने कार्ड लेने से मना कर दिया। अभिभावकों से कहा गया कि वे या तो नकद भुगतान करें या फिर स्कूल के कर्मचारी के निजी बैंक खाते में फीस ट्रांसफर करें।
‘आधिकारिक खाते के बजाय व्यक्तिगत खाते में भुगतान क्यों?’
वीडियो संदेश में छात्रा ने सवाल उठाया कि जब हमेशा से फीस स्कूल के आधिकारिक बैंक खाते में जमा होती आई है, तो अब किसी के निजी खाते में पैसे देने का दबाव क्यों बनाया जा रहा है?
छात्रा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में संज्ञान लेकर फीस संग्रह में पारदर्शिता (Transparency) लाई जाए ताकि सैकड़ों छात्रों का भविष्य और संस्थान की साख सुरक्षित रह सके।

















