जमशेदपुर SIR में बड़ा खुलासा: वोटर लिस्ट में मिले 3 अफगानी नागरिक, जिला प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
जमशेदपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान जमशेदपुर से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) के गहन सत्यापन के दौरान तीन विदेशी नागरिकों के नाम दर्ज पाए गए हैं। प्रशासनिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि तीनों व्यक्ति अफगानिस्तान के नागरिक हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एसडीओ ने दी जानकारी, जांच में पासपोर्ट से हुई पुष्टि
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अर्नब मिश्रा ने बताया कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान तीन संदिग्ध नाम सामने आए। इन व्यक्तियों के नाम आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम हैं।
दस्तावेजों में गड़बड़ी और विसंगति मिलने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से तीनों को नोटिस जारी कर जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया था। हालांकि, तय समय में संतोषजनक जवाब या वैध भारतीय दस्तावेज पेश न किए जाने पर जब उनके पासपोर्ट की जांच की गई, तो उनके अफगानी नागरिक होने का खुलासा हुआ।

मतदान केंद्र संख्या 286 पर दर्ज थे नाम
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों विदेशी नागरिकों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की वोटर लिस्ट में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे। इन लोगों ने मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी और उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची (Draft Roll) में भी शामिल हो गया था।
गनीमत रही कि अंतिम सत्यापन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन विभाग की सतर्कता से यह मामला पकड़ में आ गया।
साजिश की होगी जांच, होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
निर्वाचन विभाग अब इस बात की गहन जांच कर रहा है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद इनके नाम वोटर लिस्ट में कैसे शामिल हुए और इस फर्जीवाड़े में किस-किस स्थानीय व्यक्ति या कर्मचारी ने उनकी मदद की।
अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, राज्य भर में अन्य विदेशी नागरिकों के वोटर लिस्ट में शामिल होने की आशंका को देखते हुए व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
बीजेपी ने उठाया सवाल, पूरे राज्य में जांच की मांग
इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के मामले केवल जमशेदपुर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे राज्य में फैले हुए हैं। उन्होंने मांग की है कि पूरे झारखंड में अभियान चलाकर ऐसे मामलों की निष्पक्ष और गहन जांच की जानी चाहिए।

















