गिरिडीह: रिश्वतखोर साइबर दारोगा पर ACB का शिकंजा, 30 हजार घूस लेते थाने के गेट से गिरफ्तार
गिरिडीह: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामला गिरिडीह जिले से सामने आया है, जहां धनबाद ACB की टीम ने साइबर थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (SI) पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा। यह पूरी कार्रवाई साइबर थाना परिसर के मुख्य द्वार के पास अंजाम दी गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!केस डायरी के नाम पर मांगी गई थी मोटी रकम
जानकारी के अनुसार, मामला एक केस की डायरी अदालत (Court) भेजने से जुड़ा हुआ है। पीड़ित शिकायतकर्ता जीवलाल महतो के पुत्र से संबंधित एक मामले में मदद करने और केस डायरी समय पर कोर्ट भेजने के एवज में दारोगा पुनीत कुमार गौतम द्वारा अवैध राशि की मांग की जा रही थी। परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत धनबाद ACB से की।

सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गुप्त रूप से सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद बुधवार को धनबाद से पहुंची विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। जैसे ही आवेदक ने तय रकम के अनुसार 30 हजार रुपये दारोगा को सौंपे, पास में मुस्तैद ACB की टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
2018 बैच के सब-इंस्पेक्टर की इस तरह से हुई अचानक गिरफ्तारी के बाद साइबर थाना ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के पुलिस प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद ACB की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ धनबाद ले गई है। वहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

















