करम पर्व प्रकृति, संस्कृति और भाई-बहन के प्रेम का पर्व : हेमंत सोरेन

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रकृति महापर्व करम पर्व के अवसर पर राज्यवासियों को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार दी है। उन्होंने कहा कि करम पर्व प्रकृति और मानव जीवन के गहरे जुड़ाव, भाई-बहन के अटूट प्रेम, सामाजिक एकजुटता तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करम पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उसके संरक्षण की प्रेरणा देता है। जल, जंगल और जमीन केवल जीवन के आधार नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर भी हैं। उन्होंने कहा कि करम पर्व भाई-बहन के पवित्र स्नेह और आपसी विश्वास का भी पर्व है। अखड़ा में करम डाली की स्थापना, मांदर की थाप, करम गीत और सामूहिक नृत्य झारखंड की जीवंत लोक-संस्कृति की सुंदर अभिव्यक्ति हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति महापर्व करम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह लोगों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। आधुनिकता और विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए भी अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, लोकज्ञान और प्रकृति के साथ संबंधों को मजबूत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुरखों की समृद्ध विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित और सशक्त रूप में पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि करम पर्व के पावन अवसर पर हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। भाई-बहन का प्रेम और मजबूत हो, समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता बढ़े तथा झारखंड प्रकृति और संस्कृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए निरंतर आगे बढ़ता रहे।

















