पलामू में 9.660 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त

पलामू: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने छतरपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने मामले में बिहार के गया जिले के रंजन रजक और पलामू के दयानंद प्रसाद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अफीम के अलावा एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाला है। सूचना के बाद छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने करमा चराई रोड स्थित पथलगढ़ा के समीप छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। मध्य रात्रि में तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रंजन रजक बताया। मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी लेने पर दो काले प्लास्टिक में रखा 2.660 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने रंजन से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद के घर छापेमारी की। मिट्टी के मकान के एक कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को 7 किलोग्राम अफीम मिली। दोनों स्थानों से बरामद कुल 9.660 किलोग्राम अफीम को पुलिस ने जब्त कर सील कर दिया।

इस संबंध में छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अब बरामद अफीम के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


बिष्टुपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार
जमशेदपुर: बिष्टुपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते…

एमजीएम में नशे के कारोबार पर पुलिस की दबिश, 510 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।…
















