भालू के हमले में घायल प्रधान लागुरी की इलाज के दौरान मौत, परिवार ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बलांडिया गांव निवासी 55 वर्षीय प्रधान लागुरी की जंगली भालू के हमले में घायल होने के बाद मौत हो गई। शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

परिजनों के अनुसार, प्रधान लागुरी शुक्रवार को रोजाना की तरह गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में शौच के लिए गए थे। लौटने के दौरान जंगल के पास सड़क पर उनकी साइकिल की चेन उतर गई। वह चेन ठीक कर रहे थे, तभी पीछे से आए जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर घायल प्रधान लागुरी पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। इसके बाद परिजन उन्हें कुमारडूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के पुत्र सुनील लागुरी ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना की जानकारी उसी दिन विभाग को दे दी गई थी। इस पर रेंजर ने बाहर होने की बात कहते हुए वन विभाग के कर्मचारियों को परिजनों से मिलने भेजने की बात कही थी। हालांकि, सुनील के अनुसार, अब तक कोई भी कर्मचारी परिवार से मिलने नहीं पहुंचा है।

प्रधान लागुरी की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनके पुत्र सुनील लागुरी ने प्रशासन और वन विभाग से परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है।

साहिबगंज में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, मोहनपुर चौक के पास मिला शव
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार सुबह हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में…

सिमडेगा में अवैध शराब के खिलाफ अभियान, 1624 किलो जावा महुआ नष्ट
सिमडेगा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी…

















