गिरिडीह में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से चाची-भतीजी की मौत, पूजा की तैयारी के बीच मचा कोहराम

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में दुर्गापूजा की तैयारी के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। धनवार प्रखंड के जरीसिंगा पंचायत अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार शाम गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चाची और उनकी पांच वर्षीय भतीजी की मौत हो गई। घर में पूजा के लिए प्रसाद तैयार किया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से टकराया और दोनों उसकी चपेट में आ गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी घर में दुर्गापूजा के लिए प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों और आसपास के लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। लोग स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे थे, तभी सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

हादसे में कविता देवी और उनकी पांच वर्षीय भतीजी शीतल कुमारी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। शीतल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए धनवार रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। एक ही हादसे में दो लोगों की जान जाने से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। घटना के बाद मनगसो गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया। चाची और मासूम भतीजी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे खुद उठाकर हटाने या उसके पास खड़े रहकर आग बुझने का इंतजार करने से गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसी स्थिति में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत बाहर निकलना चाहिए और दमकल सेवा या आपातकालीन सहायता लेनी चाहिए। गैस उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षित इस्तेमाल भी जरूरी है।
रामनगर में भक्तिभाव के साथ हुई संधि पूजा, मां भवानी की आराधना में लीन हुए श्रद्धालु
सिमडेगा: शारदीय नवरात्र की महाष्टमी और महानवमी के संधिकाल पर नव युवक दुर्गा पूजा समिति, रामनगर की ओर से मां दुर्गा की…

सिमरिया-बगरा मार्ग पर हाइवा का कहर, बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर
चतरा जिले के सिमरिया-बगरा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई,…
















