भाजपा की गुटबाजी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की टिप्पणी ने खोली पोल, 2029 में सत्ता का दावा किस दम पर: कांग्रेस

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की राज्य में पार्टी की गुटबाजी और बिखराव को लेकर की गई टिप्पणी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को ही झारखंड में पार्टी के भीतर बिखराव की बात उठानी पड़ रही है, तो प्रदेश के नेता 2029 में सत्ता हासिल करने का दावा किस आधार पर कर रहे हैं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड भाजपा में अंदरूनी खींचतान, अलग-अलग गुटों और नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई की चर्चा लगातार होती रही है। राष्ट्रीय स्तर की बैठक में इस मुद्दे का उठना बताता है कि पार्टी के संगठनात्मक हालात को लेकर शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर भी चिंता है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने नेताओं को एकजुट नहीं रख पा रही, वह जनता के सामने मजबूत संगठन और एकजुट नेतृत्व का भरोसा कैसे दिलाएगी। भाजपा नेताओं को चुनावी दावे करने से पहले अपने संगठन की अंदरूनी दरारों का जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के नेता झारखंड की सत्ता हासिल करने के सपने देख रहे हैं, जबकि बैठकों में उन्हें अपने ही संगठन की गुटबाजी पर चिंता जतानी पड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा पहले अपना घर संभालेगी या जनता को राजनीतिक उपदेश देती रहेगी। राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड की जनता केवल भाषणों और चुनावी नारों से प्रभावित नहीं होती, बल्कि यह भी देखती है कि कौन-सी पार्टी आपसी खींचतान में उलझी है और कौन जनता के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने भाजपा से राज्य में सक्रिय गुटों और नेतृत्व को लेकर जारी खींचतान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। सिन्हा ने कहा कि 2029 में सत्ता हासिल करने का दावा करने से पहले भाजपा को अपने संगठन की एकजुटता साबित करनी होगी। पार्टी के सामने चुनौती कांग्रेस पर बयानबाजी करना नहीं, बल्कि अपने नेताओं के बीच विश्वास और एकजुटता कायम करना है।

झारखंड को भाजपा का गढ़ बताकर जनता का अपमान कर रहे नितिन नवीन : विनोद पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे और उनके बयानों…

झारखंड में कमल खिलाने का संकल्प लें, जीतने से कोई ताकत नहीं रोक सकती: नितिन नवीन
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड में पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता…
















