परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 15 दिनों में सुधार का निर्देश

रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा नहीं करने वाले जिलों और प्रखंडों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, 15 दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में परिवार नियोजन लॉजिस्टिक्स प्रबंधन सूचना प्रणाली (FP-LMIS) को DVDMS पोर्टल के माध्यम से संचालित करने को लेकर दो दिवसीय राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण-सह-समीक्षा कार्यशाला शुरू हुई। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने की। कार्यशाला 27 अक्टूबर तक चलेगी।
शशि प्रकाश झा ने कहा कि सभी जिलों को कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करना होगा। परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत गर्भनिरोधक साधनों और अन्य आवश्यक सामग्रियों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने की आवश्यकता है।
कार्यशाला में FP-LMIS के उपयोग, DVDMS पोर्टल के संचालन, उपलब्ध स्टॉक की निगरानी, मांग एवं आपूर्ति के समन्वय और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान निदेशक ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता बेहतर बनानी होगी, ताकि सामग्री की कमी या जरूरत से अधिक भंडारण जैसी स्थिति से बचा जा सके।
कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. प्रभात कुमार, आईईसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल किशोर सिंह, परिवार नियोजन कोषांग की नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, वरीय परामर्शी राजेश कुमार पचौरी, ध्रुव कुमार, सी-डैक के प्रतिनिधि श्रीकांत गौतम, राज्य परिवार नियोजन समन्वयक गुंजन खलखो और PSI इंडिया के राज्य प्रतिनिधि निलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: 263 प्रखंडों में लगेंगे 7890 चापाकल, गोड्डा में बनेगा पशु आहार कारखाना
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को झारखंड मंत्रालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण…

रामरेखा महोत्सव की सुरक्षा तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, ड्रोन से होगी निगरानी
सिमडेगा: राजकीय रामरेखा महोत्सव-सह-मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र का…
















