jyotsnas-counter-attack-nisha-bhagats-death

निशा भगत की मौत पर ज्योत्सना का पलटवार, बोलीं- मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा; CBI को सहयोग करूंगी

Share
Link copied

कहा- निशा के साथ वैचारिक मतभेद थे, व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं; जीवित रहते इस्तेमाल करने वाले लोग अंतिम समय में नहीं आए, अब पिता को बरगलाकर FIR कराने का आरोप

रांची। झारखंड की दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत (निशा उरांव) की मौत के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना ने सामने आकर अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने निशा भगत की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह किसी की मौत पर राजनीति नहीं करना चाहती थीं, लेकिन अब उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच कराने की मांग की है।

निशा भगत की मौत पर ज्योत्सना का पलटवार, बोलीं- मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा; CBI को सहयोग करूंगी

निशा के साथ कई आंदोलनों में किया था काम

ज्योत्सना ने कहा कि निशा भगत के साथ उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। कुड़मी आंदोलन सहित कई सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर दोनों ने साथ मिलकर आवाज उठाई थी। कुछ विषयों पर वैचारिक मतभेद जरूर थे और सोशल मीडिया पर दोनों के बीच तीखी बयानबाजी भी हुई थी, लेकिन इसे व्यक्तिगत दुश्मनी का रूप देना गलत है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विवाद की शुरुआत निशा की ओर से हुई थी, लेकिन उन्होंने कभी निशा के नाम या चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणी नहीं की। उनका कहना था कि वह नहीं चाहती थीं कि आदिवासी समाज की महिलाओं के आपसी विवाद को दूसरे लोग तमाशे की तरह देखें।

निशा भगत की मौत पर ज्योत्सना का पलटवार, बोलीं- मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा; CBI को सहयोग करूंगी

राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप

ज्योत्सना ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों, आरएसएस-भाजपा से जुड़े लोगों, जनजातीय मंच और कुछ व्यक्तियों ने निशा भगत का उनके जीवित रहते राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निशा को सहारे की जरूरत थी, तब ये लोग उनके साथ क्यों नहीं खड़े हुए? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निशा की मौत के बाद उनके पिता को बरगलाकर उनके खिलाफ जबरन प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई। ज्योत्सना का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

अकेलापन और मानसिक स्थिति को बताया अहम पहलू

ज्योत्सना ने निशा भगत के अकेलेपन और मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, निशा की जिंदगी में ऐसे लोग मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें भड़काया, लेकिन जब उन्हें वास्तव में भावनात्मक सहारे की जरूरत थी, तब वे लोग उनके साथ नहीं खड़े हुए। उन्होंने निशा की मौत के पीछे की परिस्थितियों की गहराई से जांच करने की मांग की। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घर में चोरी के मामले की भी जांच की मांग

ज्योत्सना ने निशा भगत के घर में पहले हुई चोरी की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और आवेदन में कुछ भाजपा नेताओं के नाम भी शामिल थे। उन्होंने मांग की कि चोरी की घटना से जुड़े पुराने मामले और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच होनी चाहिए।

CBI जांच में सहयोग को तैयार, बोलीं- संघर्ष से पीछे नहीं हटूंगी

ज्योत्सना ने निशा भगत की मौत, घर में हुई चोरी और उनसे जुड़े अन्य विवादित मामलों की निष्पक्ष केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह खूंटी के मुंडा समाज की बेटी हैं और संघर्ष से डरने वाली नहीं हैं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और जांच एजेंसियों को जब भी जरूरत होगी, वह पूरा सहयोग करेंगी। उनका कहना है कि निशा भगत को न्याय दिलाने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगी।

ABOUT THE AUTHOR
नवीन कुमार

नवीन कुमार

Editor In Chief

नवीन कुमार को पिछले 30 वर्षों से भी अधिक समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव रहा है...इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बड़े पद पर कार्यरत रहे हैं...नक्सल, क्राइम, खेल, राजनीति,बिज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण के साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर मजबूत पकड़ रही है। खाली समय में उन्हें नई जगहों पर घूमना और फोटोग्राफी करना पसंद है।