आखिरी गेंद पर भारत का धमाका! पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर U-19 एशिया कप 2026 का चैंपियन बना भारत
338 रन का लक्ष्य हासिल कर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, मोहम्मद उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर दिलाई जीत
ओमान। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से हराकर ACC अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 14 नवंबर को अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ। भारत ने 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
पाकिस्तान ने खड़ा किया 337 रनों का विशाल स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान खान ने शानदार 107 रनों की शतकीय पारी खेली। अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन बनाए।
भारत की ओर से काव्या पटेल ने 68 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 40 रन देकर 3 विकेट झटके।
252 रन पर 8 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसा भारत
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी। लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से भारत की स्थिति मुश्किल हो गई।
एक समय भारत का स्कोर 252 रन पर 8 विकेट था और जीत काफी दूर नजर आ रही थी। इसके बाद मनल चौहान और मोहम्मद उल्वा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। दोनों के बीच 57 रनों की अहम साझेदारी हुई। मनल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए।
आखिरी गेंद पर मोहम्मद उल्वा ने दिलाई जीत
मुकाबला अंतिम ओवर तक पहुंचा, जहां भारत को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे। आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। ऐसे दबाव भरे पल में मोहम्मद उल्वा ने चौका जड़कर भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिला दी।उल्वा 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि चिगुरुपति वेंकट 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत ने नौवीं बार जीता खिताब
इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। मोहम्मद उल्वा को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि आर्यवीर सहवाग टूर्नामेंट में 361 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने।
मैच का स्कोरकार्ड
पाकिस्तान U-19 : 337/9 (50 ओवर)
भारत U-19 : 339/9 (50 ओवर)
परिणाम : भारत 1 विकेट से विजयी
प्लेयर ऑफ द मैच : मोहम्मद उल्वा (49* रन)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट : आर्यवीर सहवाग (361 रन)
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान; IMD ने जारी किया अलर्ट
16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना, 17 नवंबर को और तेज होगी इसकी ताकत; समुद्र में मछुआरों को…

छठ घाट पर कलाकार विशेंद्र नारायण सिंह की अनूठी पहल, पेंटिंग के जरिए कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को किया नमन
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मानगो स्थित स्वर्णरेखा घाट पर वरिष्ठ युवा कलाकार विशेंद्र नारायण सिंह ने अपनी…

अंधविश्वास में अंधी हुई मौसी! सिद्धि पाने के लिए 8 साल की मासूम की हत्या, तीन गिरफ्तार
अमावस्या की रात वारदात को दिया गया अंजाम, धान के खेत से बरामद हुआ बच्ची का शव; एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में…


















