भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और बलिदान को किया नमन
धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया याद, राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने समृद्ध और सशक्त झारखंड बनाने का लिया संकल्प
रांची/धनबाद। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
राज्यपाल ने लोक भवन में किया माल्यार्पण
माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर लोक भवन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर महान जननायक के योगदान और उनके ऐतिहासिक संघर्ष को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन गौरव, स्वाभिमान और संकल्प का दिन है। यह उन वीर पुरखों और शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन, हक-अधिकार और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, वीर बुधू भगत, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी, पांडेय गणपत राय और टिकैत उमराव सिंह सहित तमाम वीर सपूतों के संघर्ष को झारखंड की पहचान और गौरवशाली विरासत बताया। मुख्यमंत्री ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो, विनोद बिहारी महतो और असंख्य आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्षों ने हमें अपनी पहचान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए लड़ना सिखाया। उन्होंने कहा कि हमारे पुरखों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के अधिकारों तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को झारखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उन्हें बेहतर शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने भी दी श्रद्धांजलि
वहीं, धनबाद में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने धरती आबा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा तथा अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका साहस और नेतृत्व भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक एकता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। उनका योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संघर्ष पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर CM हेमंत सोरेन ने दी शुभकामनाएं, जल-जंगल-जमीन की रक्षा का दोहराया संकल्प
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर…

छठ व्रतियों की सेवा में आगे आई गढ़वा पुलिस, पांच थाना क्षेत्रों में बांटी गई पूजन सामग्री
आस्था के महापर्व पर पुलिस ने पेश की सेवा और सहयोग की मिसाल, श्रद्धालुओं के बीच दिखा उत्साह गढ़वा। लोक आस्था के…

नक्सलवाद की चुनौती से बाहर निकल विकास की राह पर बढ़ा झारखंड
कभी गोलियों की गूंज से दहलते थे जंगल, अब सड़कों, शिक्षा और विकास की नई उम्मीदों के साथ बदल रही है तस्वीर…


















