research-paper-simdega-based-teacher-anjani

दिल्ली विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय संगोष्ठी में सिमडेगा के शिक्षक अंजनी कुमार सिंह के शोध-पत्र की सराहना

Share
Link copied

भाषा, साहित्य और राष्ट्रीय अस्मिता’ पर शोध-पत्र प्रस्तुत, संकलन पुस्तक में होगा प्रकाशित

सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के शिक्षक एवं साहित्यकार अंजनी कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय स्थित वंदे मातरम् सभागार में रचयिता फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘रचयिता साहित्य उत्सव’ के अंतर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी में उनके शोध-पत्र की विद्वानों और साहित्यकारों ने सराहना की। राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय ‘भाषा, साहित्य और देश’ था। इसमें अंजनी कुमार सिंह ने ‘भाषा, साहित्य और राष्ट्रीय अस्मिता : स्वाधीनता चेतना से समकालीन विमर्श तक’ शीर्षक से अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया। शोध-पत्र में भाषा, साहित्य और राष्ट्र की सामूहिक चेतना के बीच गहरे संबंधों को ऐतिहासिक एवं समकालीन परिप्रेक्ष्य में रेखांकित किया गया। उन्होंने अपने शोध में स्वाधीनता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक राष्ट्रीय अस्मिता के निर्माण में भाषा और साहित्य की भूमिका को प्रमुखता से उठाया। साथ ही इस बात पर प्रकाश डाला कि भाषा और साहित्य केवल अभिव्यक्ति के माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के महत्वपूर्ण आधार भी हैं। संगोष्ठी में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित विद्वानों, शिक्षाविदों और साहित्यकारों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सत्रों में भाषा, साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने साहित्य की सामाजिक भूमिका और राष्ट्रीय अस्मिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार रखे।

संकलन पुस्तक में प्रकाशित होगा शोध-पत्र

आयोजन से मिली जानकारी के अनुसार, अंजनी कुमार सिंह के शोध-पत्र को शीघ्र ही संगोष्ठी की संकलन पुस्तक में शामिल कर प्रकाशित किया जाएगा। इसे उनके साहित्यिक एवं अकादमिक लेखन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रचयिता फाउंडेशन की ओर से अंजनी कुमार सिंह को इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया था। अपरिहार्य व्यक्तिगत कारणों से वे कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो सके और उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने रचयिता फाउंडेशन, आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों, दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्वानों तथा देशभर से शामिल साहित्यकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। सिमडेगा के एक शिक्षक एवं साहित्यकार के शोध-पत्र को राष्ट्रीय अकादमिक मंच पर मिली सराहना जिले के साहित्यिक और शैक्षणिक क्षेत्र के लिए उत्साहजनक उपलब्धि है।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।