महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ रांची में निकली पदयात्रा, नुक्कड़ नाटक से दिया समान अधिकार का संदेश
अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के शताब्दी वर्ष पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, सरोजिनी नायडू के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
रांची। महिलाओं को समान अधिकार, सुरक्षा और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ रविवार को राजधानी रांची में अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की ओर से पदयात्रा निकाली गई। सम्मेलन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने एकजुट होकर सशक्त नारी और सुदृढ़ राष्ट्र का संदेश दिया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों और सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया गया। पदयात्रा रविवार सुबह सात बजे बरियातू रोड स्थित आरोग्य भवन से शुरू हुई। इसमें अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की विभिन्न शाखाओं की सदस्य शामिल हुईं। पदयात्रा करमटोली चौक तक पहुंची और वहां से वापस आरोग्य भवन लौटी। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक भूमिका को मजबूत बनाने तथा उन्हें समाज में बराबरी का स्थान देने की मांग उठाई गई।
नुक्कड़ नाटक से बताया महिला सशक्तिकरण का महत्व
पदयात्रा के दौरान विशेष नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, समान अधिकार, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास में उनकी समान भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया। नाटक के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि महिलाओं को केवल अधिकार देने की बात पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उन अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए अनुकूल वातावरण और समान अवसर भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए। कार्यक्रम के बाद एकता राय ने महिला सशक्तिकरण के विषय पर अपनी कविता प्रस्तुत की।
आधी आबादी को कमजोर रखकर देश आगे नहीं बढ़ सकता : मीना सिंह
सम्मेलन की अध्यक्ष मीना सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं के व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार और समाज के आर्थिक एवं सामाजिक उन्नयन के लिए भी बेहद जरूरी है। आधी आबादी को कमजोर रखकर न तो परिवार आगे बढ़ सकता है और न ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, सम्मेलन की सचिव अनुपमा प्रसाद ने कहा कि वर्तमान परिवेश और बदलते सामाजिक परिप्रेक्ष्य में ‘सशक्त नारी, सुदृढ़ राष्ट्र’ का संकल्प लेना प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार और अवसर उपलब्ध कराना ऐसा कदम है, जिससे परिवार, समाज और देश तीनों का एक साथ विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से महिला सशक्तिकरण के लिए आगे आने की अपील की।
सरोजिनी नायडू की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
गौरतलब है कि अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की स्थापना स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू ने की थी। सरोजिनी नायडू को स्वर कोकिला और नाइटिंगेल ऑफ इंडिया के नाम से भी जाना जाता है। वह भारत की पहली महिला राज्यपाल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली महिला अध्यक्ष भी थीं। सम्मेलन के शताब्दी वर्ष पर आयोजित इस पदयात्रा के जरिए महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष मीना सिंह, सचिव अनुपमा प्रसाद, कुमकुम गौड़, नैना तनेजा, इंदिरा शुक्ला, सतनाम सलूजा, मंजुला जायसवाल, आराधना शुक्ला, राका ठाकुर, अनुपमा सिंह, किरण सिंह, नूतन मिश्रा, सुचित्रा अग्रवाल, मंदिरा भाटिया और रीना विद्यार्थी सहित सम्मेलन की अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं अतिथि उपस्थित रहे।

बोकारो में अपराध की दो बड़ी घटनाएं: CISF अधिकारी से चेन छिनतई का खुलासा, दो गिरफ्तार; दूसरी ओर नाती ने नाना का गला रेता
सिटी पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान CISF के सहायक कमांडेंट पर हुआ था हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; नावाडीह…

पेंशन के इंतजार में बुजुर्ग महिला की मौत, आठ महीने से नहीं मिली थी राशि; गढ़वा डीसी ने दिए जांच के आदेश
पति की मौत के बाद वृद्धा पेंशन ही थी जीवन का एकमात्र सहारा, आर्थिक तंगी और बीमारी के बीच तोड़ा दम; डीसी…

विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर, 2050 के झारखंड की तस्वीर बदलने की तैयारी कर रही सरकार: हेमंत सोरेन
26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं राज्य की उपलब्धियां, व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत बताई; उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति की…

गिरिडीह उपचुनाव: पांच दलों के सामने सियासी जमीन बचाने और विस्तार की चुनौती, सुदिव्य की विरासत से लेकर जयराम महतो के प्रभाव तक होगी परीक्षा
बाबूलाल मरांडी के गृह जिले में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर, हेमंत-कल्पना के सामने झामुमो की सीट बचाने की चुनौती; आजसू और…


















