स्कूलों में शुरू होगा बच्चों के आधार कार्ड अपडेट का मेगा अभियान, UIDAI ने बनाई योजना
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बच्चों के आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए एक नया अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत देशभर के स्कूलों में 7 साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक और जनसांख्यिकीय जानकारी को अपडेट किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के आधार कार्ड को सक्रिय और विश्वसनीय बनाए रखना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं, स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य सुविधाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के उठा सकें।
UIDAI के अनुसार, 5 साल से कम उम्र में बनाए गए आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी (उंगलियों के निशान और आंखों की पुतली) दर्ज नहीं की जाती। बच्चों के 5 साल पूरे होने पर पहली बार और फिर 15 साल की उम्र में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराना जरूरी है। अगर 7 साल की उम्र तक यह अपडेट नहीं किया जाता, तो आधार नंबर निष्क्रिय हो सकता है, जिसके कारण बच्चों को स्कूल प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत हो सकती है।
इस अभियान के तहत, UIDAI स्कूलों के साथ मिलकर विशेष आधार अपडेट शिविर आयोजित करेगा। स्कूलों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां माता-पिता या अभिभावकों को अपने बच्चों के आधार कार्ड की जानकारी अपडेट कराने के लिए सुविधा प्रदान की जाएगी। 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र में पहली बार बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त होगा, जबकि 7 साल के बाद इसके लिए 100 रुपये का शुल्क देना होगा।
UIDAI ने बताया कि बच्चों के बायोमेट्रिक डेटा में समय के साथ बदलाव आता है, जिसके कारण समय-समय पर अपडेट जरूरी है। अपडेट न होने पर आधार कार्ड निष्क्रिय होने का खतरा रहता है, जिससे सरकारी और निजी सेवाओं में बाधा आ सकती है। यह अभियान विशेष रूप से उन 7 करोड़ बच्चों पर केंद्रित है, जिनके आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट अभी तक नहीं हुआ है।
कैसे होगा अपडेट?
* माता-पिता को अपने बच्चे के आधार कार्ड और संबंधित दस्तावेज (जैसे जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल आईडी) के साथ नजदीकी स्कूल या आधार केंद्र पर जाना होगा।
* अपडेट प्रक्रिया में फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतली (आईरिस) और फोटो को रिकॉर्ड किया जाएगा।
* UIDAI ने पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भेजकर अभिभावकों को अपडेट के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है
UIDAI की अपील
UIDAI ने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के आधार कार्ड को समय पर अपडेट कराएं। प्राधिकरण ने कहा कि।यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि बच्चों का आधार कार्ड सक्रिय रहे, ताकि उनकी शिक्षा और अन्य जरूरी सेवाओं में कोई रुकावट न आए।
UIDAI ने संकेत दिया है कि भविष्य में आधार को अन्य सरकारी डेटाबेस जैसे पैन कार्ड, राशन कार्ड, और जन्म प्रमाण पत्र से जोड़कर अपडेट प्रक्रिया को और आसान किया जाएगा। इसके अलावा, नवंबर 2025 से एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने की योजना है, जिसमें क्यूआर कोड आधारित डिजिटल आधार शेयर करने की सुविधा होगी।


















