लातेहार में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 65 हजार की घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा गया जिला परिषद का बड़ा बाबू
लातेहार : पलामू एसीबी (भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो) की टीम ने गुरुवार को लातेहार में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय के बड़ा बाबू संतोष सिंह को ₹65,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एसीबी की टीम ने सुबह करीब 11 बजे शहर स्थित सरकारी क्वार्टर से संतोष सिंह को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, लातेहार के संवेदक बबलू पांडेय ने पुल निर्माण का कार्य पूरा कर लिया था, लेकिन भुगतान में देरी की जा रही थी। भुगतान के एवज में बड़ा बाबू ने ₹65,000 की रिश्वत की मांग की थी।
संवेदक ने इसकी शिकायत पलामू एसीबी से की। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। जैसे ही संवेदक ने तय राशि आरोपी को सौंपी, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने उसके आवास की तलाशी भी ली। सूत्रों के अनुसार, आवास से करीब ₹2 करोड़ 10 लाख रुपए बरामद किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि इस राशि की अधिकृत पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
इस कार्रवाई के बाद लातेहार जिला परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बड़ा बाबू लंबे समय से एक ही पद पर जमे हुए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना रिश्वत के कोई कार्य नहीं होता।

















