बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी! ईमेल से मिली चेतावनी, स्पीकर ने बुलाई आपात बैठक, परिसर में सघन तलाशी

बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी! ईमेल से मिली चेतावनी, स्पीकर ने बुलाई आपात बैठक, परिसर में सघन तलाशी

पटना : बिहार विधानसभा को गंभीर खतरे की चेतावनी मिली है। आज एक अनाम ईमेल के माध्यम से विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ आपात बैठक बुलाई। बैठक में पूरे विधानमंडल परिसर की सघन जांच कराने और सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद विधानसभा परिसर में डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें तैनात कर दी गई हैं। हर कोने-कोने की तलाशी ली जा रही है और आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक कड़ा कर दिया गया है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस धमकी की पुष्टि की है और ईमेल के स्रोत की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी किसने और कहां से भेजी गई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी धमकियां अक्सर जांच के दौरान फर्जी साबित होती हैं, लेकिन सतर्कता बरतना जरूरी है।

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य में राज्या सभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं और विधानसभा परिसर में महत्वपूर्ण गतिविधियां जारी हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।