एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद सोशल मीडिया पर प्रोफाइल पिक्चर को किया ब्लैक
अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुए भीषण विमान हादसे के बाद एयर इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर को ब्लैक कर दिया है। यह कदम हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक और सम्मान व्यक्त करने के लिए उठाया गया है।
हालांकि, ‘X’ की नीति के अनुसार, प्रोफाइल पिक्चर बदलने के बाद एयर इंडिया का वेरिफिकेशन बैज अस्थायी रूप से हट गया है, जो कि अकाउंट की समीक्षा पूरी होने तक सामान्य प्रक्रिया है।
हादसे के तुरंत बाद, एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक ‘X’ अकाउंट पर एक बयान जारी कर कहा कि हम फ्लाइट AI171 के साथ हुए दुखद हादसे से स्तब्ध और गहरे दुखी हैं। हम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
एयर इंडिया का लंदन-गटविक जाने वाला विमान AI171, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर, गुरुवार दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद मेघानीनगर इलाके में एक आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे।


















