हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्ची की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने 5 घंटे तक जाम की सड़क

चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के डाड़ी चौक में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम बच्ची की बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान पलामू जिले के पदमा-पांकी निवासी जानू कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जानू कूड़ा-कचरा बीनने का काम करती थी और घटना के समय वह डाड़ी चौक स्थित एक बिल्डिंग की छत पर खाली बोतलें इकट्ठा करने के लिए चढ़ी थी। इसी दौरान वह छत से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए टंडवा-सिमरिया मुख्य सड़क को लगभग 5 घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीनों में उक्त बिल्डिंग की छत से गुजर रहे हाई टेंशन तार के कारण कई छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग से बार-बार तारों पर कवर लगाने की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने कहा, “अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा एक गरीब परिवार की मासूम बच्ची को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।” कई घंटों की मशक्कत के बाद अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी की समझाइश पर जाम हटाने पर सहमति बनी, जिसके बाद सड़क को खाली कराया गया।


















