झारखंड पर्यटन को डिजिटल पहचान देने की पहल, ‘राज्य स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026’ का आयोजन

रांची : पर्यटन विभाग, झारखंड द्वारा सोमवार को पतरातू स्थित पर्यटन विहार होटल में ‘राज्य स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड के पर्यटन स्थलों, कला-संस्कृति, विरासत और स्थानीय खानपान को डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड की असली पहचान यहां की सादगी, संस्कृति और लोकजीवन में बसती है, जिसे राज्य के अपने इन्फ्लुएंसर्स बेहतर तरीके से दुनिया के सामने रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि झारखंड के युवा कंटेंट क्रिएटर्स जब किसी पर्यटन स्थल पर कंटेंट तैयार करें तो वे गर्व के साथ खुद को झारखंड पर्यटन विभाग से जुड़ा महसूस करें।
मंत्री ने कहा कि इस पहल से न केवल राज्य की ब्रांडिंग मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय क्रिएटर्स को भी नए अवसर और पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन और पर्यटन मंत्री के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इस दौरान पर्यटन मंत्री द्वारा ‘इन्फ्लुएंसर एंगेजमेंट पोर्टल’ का भी शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर्यटन विभाग से औपचारिक रूप से जुड़कर कार्य कर सकेंगे। विभाग के अनुसार यह पहल डिजिटल क्रिएटर्स और पर्यटन विभाग के बीच मजबूत और संरचित साझेदारी स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में राज्य के 80 से अधिक प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भाग लिया। आयोजन के दौरान डिजिटल स्टोरीटेलिंग, पर्यटन प्रचार, कंटेंट निर्माण और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव मुकेश कुमार, झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, महाप्रबंधक राजीव रंजन सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

















